==चैनल प्रमुख हलधर रात्रे 7974343059==
सक्ती/नवीन शैक्षणिक सत्र की तैयारियों को लेकर संकुल समन्वयकों की बैठक गुणवत्तापूर्ण शिक्षण पर जोर
सक्ती जिले में नवीन शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ से पूर्व विद्यालयों में शैक्षणिक और बुनियादी व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त करने के उद्देश्य से विकासखंड स्रोत केंद्र, सक्ती में समस्त संकुल शैक्षिक समन्वयकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री दिलीप कुमार पटेल, विकासखंड स्रोत केंद्र समन्वयक श्री जी.आर. दिनकर एवं सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री राजकुमार पटेल ने शालाओं के सुचारु संचालन के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए।
विद्यालयों की स्वच्छता और सुरक्षा पर विशेष ध्यान
अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सत्र प्रारंभ होने से पहले सभी विद्यालयों के भवन और परिसर की सघन साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। जर्जर भवनों की पहचान कर तत्काल प्रभाव से उनकी बैरिकेडिंग करने और छात्रों की सुरक्षा हेतु वैकल्पिक शैक्षणिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
सरकारी योजनाओं का समय पर लाभ
बैठक में छात्र हितकारी योजनाओं पर चर्चा करते हुए अधिकारियों ने कहा कि:
विद्यार्थियों को समय पर गणवेश और पाठ्यपुस्तकों का वितरण सुनिश्चित हो।
मध्यान्ह भोजन (एमडीएम) का सुचारु संचालन प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
तकनीकी और प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा
डिजिटल इंडिया के अंतर्गत शिक्षा विभाग के कार्यों को गति देने के लिए वीएसके (VSK) पोर्टल के माध्यम से उपस्थिति और वेतन आहरण, पाठ्यपुस्तकों की स्कैनिंग, ऑनलाइन अवकाश स्वीकृति, छात्रवृत्ति, एमबीयू, अपार आईडी (APAAR ID) एवं जाति प्रमाण पत्र संबंधी कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा गया।
नियमित शिक्षण और अनुशासन
बैठक के अंत में अधिकारियों ने 16 जून से विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, शिक्षकों द्वारा नियमित दैनंदिनी (डायरी) लेखन और विद्यालय में समय-सारिणी का सख्ती से पालन करने पर जोर दिया। सभी संकुल समन्वयकों से अपेक्षा की गई कि वे अपने अंतर्गत आने वाले विद्यालयों का सतत निरीक्षण करें और एक बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करें ताकि नवीन सत्र की शुरुआत उत्साहपूर्ण और गुणवत्तापूर्ण हो सके।








