रिपोर्टर महेश बरेठ 91319 74668

अफरीद/बम्हनीडीह। ग्राम पंचायत अफरीद-मुड़पार में वन विभाग की कार्यवाही को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों ने वन विभाग पर तानाशाहीपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा है कि वर्षों से उपयोग में आ रही निस्तारी एवं गौचर भूमि पर पौधारोपण के नाम पर स्थानीय सुविधाओं और गरीब परिवारों के आशियानों को प्रभावित किया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि पहले गौचर भूमि, खेल मैदान और धान मंडी क्षेत्र को पौधारोपण के लिए अधिग्रहित किया गया, वहीं अब कई गरीब परिवारों को मकान हटाने के नोटिस दिए जाने से लोगों में चिंता और आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि जिन जमीनों का उपयोग वर्षों से आमजन की आवश्यकताओं के लिए किया जा रहा है, उन्हें बिना पर्याप्त वैकल्पिक व्यवस्था के वन क्षेत्र में परिवर्तित किया जा रहा है।
मामले की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय विधायक बालेश्वर साहू अफरीद-मुड़पार पहुंचे और ग्रामीणों से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि “घर उजाड़कर पेड़ लगाना किसी भी दृष्टि से उचित नहीं कहा जा सकता। पर्यावरण संरक्षण जरूरी है, लेकिन इसके लिए गरीबों के आशियाने और ग्रामीणों की मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी नहीं होनी चाहिए।”
विधायक ने आश्वासन दिया कि ग्रामीणों की समस्याओं को शासन और संबंधित अधिकारियों के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा। दूसरी ओर ग्रामीणों और स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।
ग्रामीणों का कहना है कि वे पर्यावरण संरक्षण के विरोधी नहीं हैं, लेकिन विकास और हरियाली के नाम पर लोगों की आजीविका, खेल मैदान, धान मंडी तथा आवासीय सुविधाओं को प्रभावित करना न्यायसंगत नहीं है। अब पूरे क्षेत्र की नजर प्रशासन और वन विभाग की आगामी कार्यवाही पर टिकी हुई है।
सुशासन तिहार के बीच लाखों का स्टेडियम ध्वस्त, , अब आशियानों पर खतरा; गरीबों को मिला नोटिस ग्राम पंचायत अफरीद में वन विभाग की कार्रवाई से ग्रामीणों में आक्रोष
पेड़ लगाना उचित है लेकिन वर्षों से रह रहे लोगों के मकान को तोड़कर उन्हें बेघर कर पेड़ लगाना न्यायसंगत नहीं है प्रशासन पहले उचित व्यवस्था करे फिर निर्णय ले । मैं मुड़पार के ग्रामीणों के साथ खड़ा हु ।
विधायक बालेश्वर साहू
घर उजाड़कर पेड़ लगाना कैसा न्याय? अफरीद-मुड़पार में वन विभाग के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश, विधायक बालेश्वर साहू पहुंचे








