चैनल प्रमुख हलधर रात्रे 7974343059 
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बंदोरा में 9वीं की छात्राओं को बांटी गई निःशुल्क सरस्वती सायकल, खिले चेहरे
बंदोरा, 13 जुलाई 2026:
बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने और छात्राओं को आवागमन में सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से आज दिनांक 13 जुलाई 2026 को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बंदोरा में ‘निःशुल्क सरस्वती सायकल योजना’ के तहत कक्षा 9वीं की छात्राओं को सायकल का वितरण किया गया। नई सायकल पाकर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत बंदोरा के सरपंच श्री नवधा राम वर्मा (उर्फ़ लालू गवेल जी) उपस्थित रहे। साथ ही विशिष्ट अतिथि के रूप में शाला विकास समिति के अध्यक्ष श्री राजेश गवेल जी और गांव के वरिष्ठ नागरिक श्री प्रेमलाल वर्मा जी ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के प्राचार्य श्री रूप लाल भारद्वाज जी ने की।
अतिथियों के करकमलों द्वारा छात्राओं को सायकलों की चाबियां सौंपी गईं। इस अवसर पर अतिथियों ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि सरस्वती सायकल योजना शासन की एक महती योजना है, जिसका उद्देश्य बेटियों की शिक्षा में आ रही दूरी की बाधा को दूर करना है। अब सायकल मिलने से छात्राएं समय पर और सुरक्षित तरीके से स्कूल पहुंच सकेंगी, जिससे उनका पूरा ध्यान अपनी पढ़ाई पर केंद्रित होगा।
संस्था के प्राचार्य श्री रूप लाल भारद्वाज जी ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस गरिमामयी अवसर पर स्कूल के समस्त कर्मचारी गण, शिक्षक-शिक्षिकाएं, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।







