==चैनल प्रमुख हलधर रात्रे 7974343059==

राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान अंतर्गत 28 जून को जिले के 801 बूथों पर 87,201 बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक
सक्ती, 27 जून 2026// कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पूजा अग्रवाल के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय पल्स पोलियो कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन हेतु जिले में आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत 28 जून 2026 को जिले में स्थापित 801 पोलियो बूथों पर 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 87,210 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके पश्चात 29 एवं 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। उन्होंने बताया कि अभियान के लिए जिले के लगभग 1,29,328 घरों तक पहुंचने की कार्ययोजना तैयार की गई है। कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने समस्त जिलेवासियों से अपील की है कि वे 28 जून 2026 को आयोजित राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान में अपने 0 से 5 वर्ष आयु के बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं तथा पोलियो मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग प्रदान करें।
राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के सफल संचालन हेतु जिले में 144 सुपरवाइजरों की नियुक्ति की गई है, जो विभिन्न क्षेत्रों में इसकी निगरानी करेंगे। सभी स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनकी जिम्मेदारियों के संबंध में प्रशिक्षण प्रदान कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।







