रिपोर्टर सुमन खूंटे 9981543471

सक्ती जिले के मालखरौदा जनपद क्षेत्र की ग्राम पंचायत सिंघरा ने रचा कीर्तिमान, समर्थ पंचायत पोर्टल पर हासिल की सर्वाधिक ऑनलाइन कर वसूलीमालखरौदा (सक्ती), 7 जुलाई 2026।
छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी ‘समर्थ पंचायत पोर्टल’ योजना के अंतर्गत जिला सक्ती की जनपद पंचायत मालखरौदा की ग्राम पंचायत सिंघरा ने ऑनलाइन संपत्ति कर वसूली में पूरे जिले में प्रथम स्थान प्राप्त कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह उपलब्धि पंचायत की पारदर्शी कार्यप्रणाली, डिजिटल नवाचार और जनसहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण मानी जा रही है।
जिला प्रशासन सक्ती के मार्गदर्शन एवं शासन के निर्देशानुसार संचालित कर वसूली अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत सिंघरा ने तकनीक का प्रभावी उपयोग करते हुए उल्लेखनीय सफलता अर्जित की। पंचायत द्वारा लगभग 1300 करदाताओं का समर्थ पंचायत पोर्टल पर पंजीयन कर उन्हें ऑनलाइन कर भुगतान प्रणाली से जोड़ा गया, जिससे डिजिटल माध्यम से कर संग्रहण को नई गति मिली।
समर्थ पंचायत पोर्टल पर सर्वाधिक ऑनलाइन संपत्ति कर वसूली कर ग्राम पंचायत सिंघरा ने जिले में प्रथम स्थान हासिल किया। करदाताओं को जागरूक करने, नियमित संपर्क बनाए रखने तथा डिजिटल भुगतान के लिए प्रेरित करने के परिणामस्वरूप कर वसूली अभियान को व्यापक सफलता मिली।
इस उपलब्धि के पीछे ग्राम पंचायत की सुनियोजित एवं पारदर्शी कार्ययोजना रही। सर्वप्रथम ग्राम पंचायत की बैठक में कर वसूली संबंधी प्रस्ताव पारित किया गया, जिसे बाद में ग्राम सभा से सर्वसम्मति से अनुमोदित कराया गया। इसके पश्चात पंचायत स्तर पर विशेष कर वसूली अभियान संचालित कर नागरिकों को ऑनलाइन कर भुगतान के लिए प्रेरित किया गया।
ग्राम पंचायत सिंघरा के सरपंच, उपसरपंच, सचिव, समस्त पंचगण, पंचायत कर्मियों तथा ग्रामवासियों के सामूहिक सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता से यह ऐतिहासिक उपलब्धि संभव हो सकी। इस सफलता से पंचायत की स्वयं की आय में वृद्धि होगी, जिससे स्थानीय विकास कार्यों को और अधिक गति मिलेगी तथा पंचायत वित्तीय रूप से सशक्त बनेगी।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर जिला प्रशासन ने ग्राम पंचायत सिंघरा की सराहना करते हुए इसे अन्य ग्राम पंचायतों के लिए प्रेरणादायी उदाहरण बताया है। पंचायत प्रतिनिधियों ने भी ग्रामवासियों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी डिजिटल, पारदर्शी एवं जवाबदेह पंचायत व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने का संकल्प व्यक्त किया।







