अन्नदाताओं के लिए साय सरकार का ऐतिहासिक तोहफा: अब प्रति एकड़ ₹13,839 की आदान सहायता 15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी

==चैनल प्रमुख हलधर रात्रे 7974343059==

अन्नदाताओं के लिए साय सरकार का ऐतिहासिक तोहफा: अब प्रति एकड़ ₹13,839 की आदान सहायता 15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी

 

सक्ती भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय सक्ती में आयोजित प्रेसवार्ता में भाजपा किसान मोर्चा ने प्रदेश सरकार की कृषि नीतियों और मंत्रिपरिषद के फैसलों को किसानों के हित में क्रांतिकारी कदम बताया। किसान मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता इंजी. रवि पाण्डेय ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार पूरी तरह अन्नदाताओं के कल्याण के लिए समर्पित है। कैबिनेट की बैठक में लिए गए 19 बड़े फैसलों में किसानों की समृद्धि, कर्मचारियों को कैशलेस इलाज और बिजली बिल में राहत जैसे ऐतिहासिक निर्णय शामिल हैं।

कृषक उन्नति योजना का नया स्वरूप: कम उपज पर भी पूरा लाभ

प्रेसवार्ता में जानकारी दी गई कि खरीफ-2026 के लिए ‘कृषक उन्नति योजना’ के नियमों में बड़ा बदलाव किया गया है। अब किसानों को धान की आदान सहायता राशि प्रति क्विंटल की बजाय सीधे प्रति एकड़ के हिसाब से दी जाएगी। नई व्यवस्था के तहत, यदि कोई किसान अपने पंजीकृत रकबे में निर्धारित अधिकतम सीमा (21 क्विंटल प्रति एकड़) से कम धान भी बेचता है, तब भी उसे पूरे बोए गए रकबे के आधार पर ₹13,839 प्रति एकड़ की पूरी सहायता राशि मिलेगी। इस निर्णय से फसल विविधीकरण को बढ़ावा मिलेगा और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

15 नवंबर से धान खरीदी, 72 घंटे में खाते में आएगी राशि

राज्य सरकार ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए 15 नवंबर 2026 से धान खरीदी शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके मुख्य बिंदु निम्नलिखित हैं:

खरीदी दर और लक्ष्य: प्रदेश के 27.50 लाख से अधिक पंजीकृत किसानों से ₹3,100 प्रति क्विंटल की दर से अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदा जाएगा। इस वर्ष 160 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान खरीदी का लक्ष्य रखा गया है।

त्वरित भुगतान: धान विक्रय के महज 72 घंटे के भीतर किसानों के बैंक खातों में भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।

नए उपार्जन केंद्र: किसानों की सुविधा के लिए 360 नए खरीदी केंद्र खोले जा रहे हैं, जिससे अब कुल 3,100 केंद्रों पर धान की खरीदी होगी।

डिजिटल व्यवस्था से आसान हुई प्रक्रिया

किसानों को कागजी कार्रवाई से राहत देते हुए ‘एग्रीस्टैक आईडी’ वाले पिछले वर्ष के पंजीकृत किसानों को स्वतः मान्य कर दिया गया है, उन्हें दोबारा पंजीयन कराने की जरूरत नहीं होगी। साथ ही, समितियों में अलग से ऋण पुस्तिका ले जाने की बाध्यता भी समाप्त कर दी गई है। डिजिटल क्रॉप सर्वे के जरिए रकबे का ऑनलाइन निर्धारण और बायोमेट्रिक प्रणाली से पारदर्शी खरीदी सुनिश्चित की जाएगी।

तीन वर्षों में 35,904 करोड़ से अधिक की सहायता

इंजी. रवि पाण्डेय ने आंकड़े साझा करते हुए बताया कि कृषक उन्नति योजना के माध्यम से बीते तीन वर्षों में किसानों के खातों में कुल ₹35,904.90 करोड़ की अंतर राशि ट्रांसफर की गई है (2023-24 में ₹13,289 करोड़, 2024-25 में ₹11,976 करोड़ और 2025-26 में ₹10,639 करोड़)। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपने हर वादे को धरातल पर उतारा है। इसके अतिरिक्त, चक्रवात, बाढ़ और गिरदावरी से जुड़ी समस्याओं पर उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रभावित फसलों का सर्वे कराकर पात्र किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिलाया जाएगा।

कार्यक्रम में उपस्थिति

इस प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा प्रदेश मंत्री विद्या सिदार, किसान मोर्चा प्रदेश मंत्री संपूर्णानंद मिश्रा, पूर्व विधायक डॉ. खिलावन साहू, सरगुजा संभाग सहप्रभारी प्रवीण यादव, जिला किसान मोर्चा अध्यक्ष भूपेंद्र शंकर पटेल और जिला मीडिया प्रभारी धनंजय नामदेव सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे

7k network
Recent Posts